संगठन सृजन अभियान: एमपी कांग्रेस के नेताओं को अन्य राज्यों में अहम जिम्मेदारी
भोपाल। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत मध्य प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को अन्य राज्यों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश, बिहार, गोवा, नागालैंड, मेघालय और मणिपुर के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है।
इन सभी राज्यों में नियुक्त पर्यवेक्षक अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में जाकर जिला अध्यक्ष चयन को लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से वन टू वन चर्चा करेंगे। चर्चा के आधार पर तैयार रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को सौंपी जाएगी।
बिहार में मध्य प्रदेश कांग्रेस के तीन नेताओं को पर्यवेक्षक बनाया गया है। राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव और पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल को यह जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं उत्तर प्रदेश के लिए हिना कांवरे और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। गोवा में संगठन सृजन अभियान की जिम्मेदारी कांग्रेस ने वरिष्ठ नेत्री शोभा ओझा को सौंपी है।
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि संगठन सृजन अभियान से जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत किया जाएगा और जिला नेतृत्व चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।



