भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय होने के बावजूद अधिकांश जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के 55 में से 42 जिलों में औसत से कम वर्षा हुई है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगस्त के दूसरे सप्ताह में नई मानसूनी प्रणालियां सक्रिय होने पर बारिश की रफ्तार बढ़ सकती है और वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी होने की उम्मीद है।
अब तक 15.4 इंच बारिश, सामान्य से 13% कम
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में अब तक औसतन 15.4 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से करीब 13 प्रतिशत कम है। हालांकि पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में हाल के दिनों में अच्छी बारिश हुई, जिससे कई नदियां और नाले उफान पर हैं। कई स्थानों पर जलभराव और आवागमन भी प्रभावित हुआ है।
खंडवा में किसानों की बढ़ी चिंता
तेज बारिश का सबसे अधिक असर खंडवा जिले में देखने को मिला है। लगातार वर्षा के कारण कपास और मक्का की फसल वाले खेतों में पानी भर गया है। किसानों को फसलों के नुकसान की चिंता सताने लगी है और जल निकासी की समस्या भी सामने आ रही है।
अगले चार दिन भारी बारिश के आसार नहीं
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में कोई मजबूत मानसूनी सिस्टम सक्रिय नहीं है। ऐसे में अगले चार दिनों तक व्यापक और अत्यधिक बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।



