भोपाल संवाददाता : रोशनी बिसेन
मध्यप्रदेश में आज राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहने वाली हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दिल्ली दौरे का आज दूसरा दिन है। सीएम आज भी केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर सकते हैं। सोमवार को उन्होंने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की थी।
सीएम मोहन यादव के आज के कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 10:45 बजे दिल्ली वीआईपी गेस्ट हाउस से एनएएससी कॉम्प्लेक्स पहुंचेंगे, जहां वे पुस्तक लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 12:25 बजे दिल्ली से भोपाल लौटेंगे। दोपहर 1:50 बजे सीएम हाउस पहुंचने के बाद वे शाम 3:20 बजे उज्जैन के लिए रवाना होंगे और स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
गुजरात जाएंगे मध्यप्रदेश के चीते
मध्यप्रदेश के कूनो से अब चीते गुजरात भेजे जाएंगे। पहली बार चीतों की अंतरराज्यीय शिफ्टिंग होने जा रही है। कूनो से दो नर और दो मादा चीतों को गुजरात के कच्छ भेजा जाएगा। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) और चीता प्रोजेक्ट स्टीयरिंग कमेटी ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। फिलहाल नौरादेही में चीतों को बसाने की योजना पर रोक लग गई है।
इंदौर में पानी संकट को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
इंदौर में बढ़ते जल संकट को लेकर कांग्रेस आज बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी शामिल होंगे। भीषण गर्मी और पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस राजवाड़ा क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन करेगी। शहर में लगातार गहराते जल संकट को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्माने लगा है।



