भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस दोनों ने अपनी-अपनी चुनावी रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया है।
बीजेपी की ओर से पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने हराया था। अब उपचुनाव को नरोत्तम मिश्रा की राजनीतिक वापसी के अवसर के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि पार्टी ने अभी तक उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
वहीं, कांग्रेस में प्रत्याशी को लेकर कई नामों पर चर्चा चल रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के बेटे का नाम भी संभावित उम्मीदवारों में शामिल है। इसके अलावा स्थानीय नेतृत्व और संगठन से जुड़े अन्य नेताओं के नामों पर भी विचार किया जा रहा है। अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान की सहमति के बाद लिया जाएगा।
दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद रिक्त हुई थी। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की घोषणा की। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 6 जुलाई से नामांकन, 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना होगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दतिया उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि दोनों प्रमुख दलों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है। बीजेपी इस सीट पर दोबारा कब्जा जमाने की कोशिश करेगी, जबकि कांग्रेस अपनी जीत बरकरार रखने के लिए पूरा दम लगाएगी।



