भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
बालाघाट। मध्य प्रदेश के चर्चित डबल मनी घोटाले में बालाघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 500 करोड़ रुपये के निवेश घोटाले के मास्टरमाइंड और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सोमेंद्र कंकराने को पुलिस ने उसके 7 साथियों के साथ हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से फरार था और उसके खिलाफ न्यायालय से वारंट भी जारी हो चुका था।
पुलिस के अनुसार, सोमेंद्र कंकराने पर निवेशकों को रकम दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोप हैं। उसके खिलाफ इस मामले में 63 प्रकरण दर्ज हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी और उसके साथी देश के अलग-अलग धार्मिक शहरों में पहचान बदलकर रह रहे थे।
2022 में सामने आया था मामला
यह मामला वर्ष 2022 में सामने आया था। उस समय बालाघाट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमेंद्र कंकराने समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उस दौरान:
- 13 करोड़ रुपये से अधिक नकदी जब्त की थी।
- 32 से ज्यादा बैंक खातों में जमा करीब 11 करोड़ रुपये की राशि फ्रीज की थी।
- 45 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति को जब्त और सीज किया था।
जमानत के बाद हो गया था फरार
गिरफ्तारी के बाद सोमेंद्र कंकराने को जमानत मिल गई थी, लेकिन बाद में हाईकोर्ट ने उसकी जमानत रद्द कर दी थी। इसके बावजूद आरोपी अदालत में पेश नहीं हुआ और फरार हो गया। लंबे समय तक उसकी पेशी टलती रही, जिससे हजारों निवेशकों से जुड़े मामलों की सुनवाई प्रभावित हो रही थी।
हरिद्वार में पुलिस ने दी दबिश
आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर लगातार दबाव था। इसके बाद तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने हरिद्वार में कार्रवाई करते हुए सोमेंद्र कंकराने और उसके 7 साथियों को पकड़ लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हजारों निवेशकों में उम्मीद जगी है कि उन्हें उनकी मेहनत की कमाई वापस मिलने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकेगा।



