भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
नई दिल्ली: फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान में को-पायलट के हमले में घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉल पर बातचीत की। पीएम मोदी ने मुश्किल हालात में कैप्टन स्मित की हिम्मत, सूझबूझ और संयम की सराहना की और कहा कि पूरा देश उनके लिए प्रार्थना कर रहा है।
PM मोदी से बात करते हुए भावुक हुए कैप्टन स्मित
प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित भावुक हो गए। उन्होंने पीएम मोदी को अपना आदर्श बताते हुए कहा कि उनका फोन कर हौसला बढ़ाना उनके लिए बेहद गर्व की बात है। स्मित ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें प्रधानमंत्री से सीधे बात करने का मौका मिलेगा।
‘नहीं उठा तो मर जाऊंगा’, फिर खोला कॉकपिट का दरवाजा
हमले के दौरान का अनुभव साझा करते हुए कैप्टन स्मित ने बताया कि उन्हें गंभीर चोटें लगी थीं और वह गिर गए थे। हालांकि, उस वक्त उन्हें एहसास था कि अगर वह नहीं उठे तो उनकी जान जा सकती है। इसके बाद उन्होंने खुद को संभाला और कॉकपिट का दरवाजा खोलने की आखिरी कोशिश की।
कैप्टन स्मित ने बताया कि 17 साल के उड़ान अनुभव और 11 साल से कैप्टन होने के कारण आंखें बंद होने के बावजूद उन्हें अंदाजा था कि विमान में क्या हो रहा है। दरवाजा खुलने के बाद अन्य लोग भी कॉकपिट में पहुंच गए।
‘सबने बराबर भूमिका निभाई’
कैप्टन स्मित ने इस पूरी घटना का श्रेय अकेले खुद को नहीं दिया। उन्होंने कहा कि मुश्किल वक्त में विमान में मौजूद सभी लोगों ने अपनी-अपनी भूमिका निभाई। उनके मुताबिक, उस समय उन्हें पता था कि क्या करना है और उन्हें अपनी आखिरी कोशिश करनी ही थी।
संकट के बीच पढ़ रहे थे हनुमान चालीसा
कैप्टन स्मित ने बताया कि मुश्किल समय में वह हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं और हमले के दौरान भी वह इसे पढ़ रहे थे। उन्होंने कहा कि उस वक्त उनके मन में सिर्फ यही था कि विमान में किसी की जान नहीं जानी चाहिए।
PM मोदी ने की कैप्टन स्मित की हिम्मत की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि भारत गर्व से कह सकता है कि भारतीय दूसरों की जान लेने वाले नहीं, बल्कि दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले लोग हैं।
पीएम मोदी ने बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित की मां गीता बेन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने बेटे को भगवद्गीता की सीख और संस्कारों के साथ बड़ा किया है। पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।




