जामनगर। क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर जल्द ही सानिया चंडोक के साथ विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। शादी से पहले यह कपल जामनगर पहुंचा, जहां उन्होंने भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
इस मौके पर तेंदुलकर परिवार के साथ मुकेश अंबानी और नीता अंबानी भी मौजूद रहे। मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान सचिन तेंदुलकर अंबानी परिवार का आभार व्यक्त करते नजर आए।
सोशल मीडिया पर साझा वीडियो में अर्जुन और सानिया को गणपति बप्पा की आरती करते और आशीर्वाद लेते देखा जा सकता है। नीता अंबानी ने दोनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने अर्जुन को बचपन से बढ़ते हुए देखा है और जीवन की नई शुरुआत के लिए उन्हें आशीर्वाद दिया।
बताया जा रहा है कि दोनों की शादी 5 मार्च को जामनगर स्थित रिलायंस समूह के प्रतिष्ठित बंगले में होगी। कपल ने अगस्त 2025 में निजी समारोह में सगाई की थी।
क्रिकेट करियर की बात करें तो अर्जुन तेंदुलकर आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके हैं और आगामी सत्र से लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का हिस्सा होंगे।
वहीं, सानिया चंडोक मुंबई के एक प्रतिष्ठित व्यवसायिक परिवार से संबंध रखती हैं। वह ‘मिस्टर पॉज पेट स्पा एंड स्टोर एलएलपी’ की पार्टनर और डायरेक्टर हैं और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर चुकी हैं। उनका परिवार हॉस्पिटैलिटी और फूड इंडस्ट्री में भी सक्रिय है।
शादी से पहले जामनगर में गणेश मंदिर में दर्शन के साथ ही इस हाई-प्रोफाइल वेडिंग की चर्चाएं तेज हो गई हैं।



