कंधमाल में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, 6 नक्सली ढेर, CC मेंबर गणेश उईके भी मारा गया
रायपुर। ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी नक्सल विरोधी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 6 नक्सलियों को मार गिराया है। इस मुठभेड़ में नक्सल संगठन का सेंट्रल कमेटी (CC) मेंबर गणेश उईके भी शामिल है, जिसे सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों को खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर इलाके में संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया। कार्रवाई के दौरान नक्सलियों और जवानों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें छह नक्सली मारे गए।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यालय ने इस ऑपरेशन को एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह नक्सल मुक्त भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने सुरक्षाबलों के साहस और रणनीति की सराहना की है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। माना जा रहा है कि इस ऑपरेशन से नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
गृह मंत्रालय ने इस अभियान को नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। पोस्ट में कहा गया है कि इस कार्रवाई के बाद ओडिशा नक्सलवाद से लगभग मुक्त होने की स्थिति में पहुँच गया है।
सरकार ने दोहराया कि देश से नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर ठोस रणनीति के साथ काम कर रही हैं। गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि 31 मार्च 2026 से पहले देश से नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य तय किया गया है, और इस दिशा में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, वरिष्ठ नक्सली नेताओं के मारे जाने से संगठन की कमर टूट रही है और नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, इस ऑपरेशन में CRPF, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और ओडिशा पुलिस की संयुक्त टीम शामिल थी। तलाशी के दौरान नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने कार्रवाई की।
मारे गए नक्सलियों में 69 वर्षीय गणेश उइके शामिल है, जो तेलंगाना का रहने वाला था और नक्सली संगठन की सेंट्रल कमेटी का सदस्य था। उस पर 1.10 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के रहने वाले दो नक्सली—बारी उर्फ राकेश और अमृत—भी मारे गए हैं, जिन पर इनाम घोषित था।
गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से एक महिला नक्सली का शव भी बरामद किया, जिसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
मुठभेड़ स्थल से एक रिवॉल्वर, एक .303 राइफल और एक वॉकी-टॉकी सहित अन्य हथियार और सामग्री बरामद की गई है। राहत की बात यह रही कि इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
यह ऑपरेशन ओडिशा के डीजीपी वाई.बी. खुरानिया की मौजूदगी में मालकानगिरी जिले में 22 माओवादियों के आत्मसमर्पण के ठीक एक दिन बाद हुआ है, जो राज्य में नक्सलियों पर बढ़ते दबाव और सुरक्षाबलों की सख्त कार्रवाई का संकेत देता है।



