मुंबई। टीवी के लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के एक हालिया एपिसोड में छत्तीसगढ़ का जिक्र देखने को मिला, जिसने दर्शकों का ध्यान खींचा। शो में एक मज़ेदार गेम के दौरान चीट के ज़रिए एक व्यक्ति और एक राज्य का नाम निकाला गया, जिसमें सभी किरदारों को बारी-बारी से अलग-अलग राज्यों की विशेषता बतानी थी।
जब पत्रकार पोपटलाल की बारी आई, तो उनके हिस्से में छत्तीसगढ़ राज्य आया। इसके बाद पोपटलाल ने छत्तीसगढ़ की खासियत बताते हुए कहा, “छत्तीसगढ़ की पहली विशेषता ये है कि वहां ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ बोला जाता है। वहां किसी का आभार प्रकट करना हो तो ‘बने करे जी’ कहा जाता है। छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढ़ी बोली जाती है।”
पोपटलाल की यह बात सुनकर शो में मौजूद भिड़े मास्टर उन्हें टोकते हुए कहते हैं कि छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढ़ी ही बोली जाएगी, जैसे गुजरात में गुजराती बोली जाती है। इस पर माहौल और भी हल्का-फुल्का हो जाता है। इसके बाद पोपटलाल ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर है।
शो के इस सीन को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं और छत्तीसगढ़ की संस्कृति व बोली के उल्लेख को लेकर सोशल मीडिया पर भी सकारात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। यह पहली बार नहीं है जब ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में किसी राज्य की पहचान को इस तरह मनोरंजक अंदाज़ में पेश किया गया हो।



