माघ पूर्णिमा 2026: नर्मदापुरम के सेठानी घाट पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, सर्द हवाओं में उमड़ा जनसैलाब
नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले के प्रसिद्ध सेठानी घाट पर माघ पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सर्द हवाओं और ठिठुरन के बावजूद बड़ी संख्या में भक्तों ने मां नर्मदा के पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाई।
सुबह से ही घाट पर “नर्मदे हर” के जयकारे गूंजने लगे। युवा और बुजुर्ग सभी ने उत्साहपूर्वक स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। माताओं और बहनों ने स्नान के बाद घाट पर स्थित शिवलिंगों का पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
शास्त्रों में माघ पूर्णिमा का विशेष महत्व बताया गया है। स्थानीय मान्यता है कि माघ मास के अंतिम दिन नर्मदा स्नान करने से सभी कष्टों का निवारण होता है और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है।
नर्मदापुरम की पावन धरा पर सूर्य की पहली किरण के साथ ही श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। दान-पुण्य, जप-तप और स्नान का यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहने की संभावना है।



