डबरा (ग्वालियर)। मध्य प्रदेश के डबरा में आयोजित नवग्रह शक्तिपीठ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत आज दोपहर 12 बजे से पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दिव्य दरबार लगाएंगे। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर की हनुमान कथा के दूसरे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने नवग्रह शक्तिपीठ महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में “बाबा” ने महाकुंभ लगाया, तो मध्य प्रदेश में “दादा” ने भी महाकुंभ जैसा आयोजन कर दिखाया। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए इंस्टाग्राम और रील्स के अत्यधिक उपयोग से बचने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि 18 से 25 वर्ष की उम्र जीवन की दिशा तय करने वाली होती है, इसलिए गलत संगति और भटकाव से दूर रहना चाहिए।
वहीं अभिनेता आशुतोष राणा ने नवग्रह शक्तिपीठ की संरचना को अद्भुत बताते हुए कहा कि यहां वास्तु का विशेष ध्यान रखा गया है। एक मंदिर के शिखर की छाया दूसरे मंदिर पर नहीं पड़ती और सभी ग्रह अपनी पत्नियों के साथ विराजमान हैं। ग्रहों की प्रकृति के अनुसार उनकी धातु और रंग का चयन किया गया है। उन्होंने आयोजन के लिए पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का आभार जताते हुए इसे डबरा के लिए बड़ी धरोहर बताया।
गौरतलब है कि ग्वालियर जिले के डबरा में आयोजित यह नवग्रह शक्तिपीठ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 20 फरवरी तक चलेगा। इससे पहले कथावाचक प्रदीप मिश्रा भी यहां शिवमहापुराण कथा कर चुके हैं। आयोजन को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह का माहौल है।



