भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को पूर्व मंत्री एवं विधायक गोपाल भार्गव के निवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गोपाल भार्गव द्वारा संचालित सेवा कार्यों और वैदिका फाउंडेशन की गतिविधियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने यहां ठहरे मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल भी जाना।
उल्लेखनीय है कि पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने अपने सरकारी बंगले को ‘मरीज घर’ के रूप में विकसित किया है। यहां दूसरे जिलों से इलाज के लिए भोपाल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को निःशुल्क ठहरने, भोजन और इलाज में सहयोग प्रदान किया जाता है। मरीजों के साथ आने वाले बच्चों के लिए मनोरंजन हेतु प्ले गेम एरिया की भी व्यवस्था की गई है।
मलाई कोफ्ता से खिचड़ी तक, सेहत और स्वाद दोनों का ख्याल
पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव न केवल मरीजों की सेहत का ध्यान रखते हैं, बल्कि उनके स्वाद का भी विशेष ख्याल रखा जाता है। ‘गोपाल जी की रसोई’ में मटर पनीर, मलाई कोफ्ता जैसे स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ-साथ स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए दलिया और खिचड़ी जैसे पौष्टिक भोजन भी परोसे जाते हैं।
यहां ठहरने, नाश्ता और दोनों समय का भोजन पूरी तरह निःशुल्क है। गोपाल भार्गव का यह सेवा मिशन वर्ष 2004 से लगातार जारी है, जिससे अब तक करीब 30 हजार से अधिक गरीब और जरूरतमंद मरीज लाभान्वित हो चुके हैं।



