भिंड। मध्यप्रदेश में रफ्तार का कहर लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। ताजा मामला भिंड जिले से सामने आया है, जहां भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा गौहद चौराहा थाना क्षेत्र के गिल ढाबे के पास नेशनल हाईवे-719 पर हुआ। तेज रफ्तार बस और इको कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 5 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हाईवे पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। क्षेत्रवासियों और संतों द्वारा लंबे समय से हाईवे चौड़ीकरण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लगातार हो रहे हादसों से लोगों में आक्रोश बना हुआ है।



