भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उमरिया जिले के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 02:25 बजे ताला (गुरूवाही) हेलीपेड से प्रस्थान कर प्रकाश नगर मंगठार (MPSEB) कॉलोनी, स्टेडियम ब्लॉक पाली स्थित हेलीपेड पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बीरसिंहपुर पाली में आयोजित एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे पुनः ताला (गुरूवाही) पहुंचकर वहां भी स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
नए साल में प्रमोशन का गिफ्ट
एमपी कैडर के 71 आईएएस और 21 आईपीएस अधिकारियों को आज प्रमोशन मिलने की संभावना है। इसके साथ ही आईएफएस अधिकारियों के भी प्रमोशन आदेश जारी होंगे। सभी अधिकारी 1 जनवरी 2026 से पदोन्नत माने जाएंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के सचिव एम. सेलवेंद्रन को प्रमुख सचिव पद पर प्रमोट किया जाएगा। गृह विभाग द्वारा अनंत कुमार सिंह या आशुतोष राय को एडीजी से डीजी पद पर प्रमोट करने का आदेश जारी हो सकता है।
इसके अलावा जबलपुर आईजी प्रमोद वर्मा एडीजी बनेंगे। तीन अधिकारियों को आईजी पद पर प्रमोशन मिलेगा, जिनमें 2008 बैच के ए. शियास और ललित शाक्यवार, जबकि 1999 बैच के निरंजन वी. वायंगणकर भी आईजी बनाए जाएंगे। वहीं 13 आईपीएस अधिकारियों को डीआईजी पद पर प्रमोशन मिलेगा।
न्यू ईयर में राजनीतिक नियुक्तियों का तोहफा
नए साल में सरकार द्वारा निगम-मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियां की जाएंगी। सूत्रों के अनुसार ये नियुक्तियां मकर संक्रांति के आसपास हो सकती हैं। जनवरी के तीसरे सप्ताह तक पहली सूची जारी होने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि नियुक्तियां एक साथ नहीं, बल्कि किस्तों में की जाएंगी। इसके साथ ही भाजपा संगठन में प्रदेश कार्यसमिति, जिला प्रभारी, प्रकोष्ठों के संयोजक-सह संयोजक और शेष पदों पर भी नियुक्तियां होंगी।
नए साल में घरों में भी मदहोशी
न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर इस बार शराब की बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर रहने की उम्मीद है। 600 लोगों ने अस्थाई शराब लाइसेंस लिए हैं, जो 31 दिसंबर और 1 जनवरी के लिए मान्य हैं।
इनमें से अकेले भोपाल में 150 लाइसेंस जारी किए गए हैं, जिससे साफ है कि नए साल के जश्न में शराब की खपत जमकर होगी।
साल के आखिरी दिन भी बिजली रहेगी गुल
राजधानी भोपाल में 31 दिसंबर को भी बिजली कटौती से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अर्जुन नगर, न्यू सुभाष नगर, अशोक नगर, चंबल कॉलोनी, अशोका एन्क्लेव, शालीमार कॉम्पलेक्स, बाग दिलकुशा, पुल बोगदा, सागर ग्रीन हिल्स, दानिश हिल्स व्यू टाउनशिप, दानिश व्यू फेस-1 से 4, सर्वधर्म डी सेक्टर, अमरनाथ कॉलोनी, नेताजी हिल्स, साईंनाथ कॉलोनी सहित कई इलाकों में बिजली सप्लाई बाधित रहेगी।
इसके अलावा भानपुर, ईरानी बस्ती, गीता नगर, आदर्श नगर, पटेल नगर, विजय नगर, शबरी नगर, शिव नगर फेस-3 और 4, बैरागढ़ क्षेत्र और आसपास के इलाकों में भी कटौती रहेगी।
वहीं सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक चिकलोद रोड, खाटलापुरा, भोईपुरा और आसपास बिजली सप्लाई प्रभावित रहेगी।



