वर्तमान में मध्य प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाला कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है। इस वजह से अब प्रदेश के अधिकतर जिलों से बादल छंटने लगे हैं। इस वजह से दिन का तापमान बढ़ने लगा है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट होने लगी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक हवाओं का रुख उत्तरी होने लगा है। इस वजह से दो दिन में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।
खुजराहो में सबसे ज्यादा तापमान
उधर मंगलवार को प्रदेश में दिन का सबसे अधिक 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया। रात का सबसे कम 12.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रीवा में रिकार्ड किया गया, जो इस सीजन में सबसे कम रहा। इसी बीच मंगलवार सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक शिवपुरी में दो, ग्वालियर में एक मिलीमीटर वर्षा हुई।



