सागर। हिंदू सम्मेलन में शामिल होने सागर पहुंचीं पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने किन्नर धर्मांतरण विवाद को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि किन्नर समाज सनातन धर्म में पूजनीय माना जाता है और हिंदू परंपरा में उनका विशेष स्थान रहा है। शुभ अवसरों पर किन्नरों को सम्मान देने की परंपरा सनातन संस्कृति की पहचान रही है।
साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुस्लिम काल के आगमन के बाद किन्नर समाज पर अत्याचार शुरू हुए। उन्होंने कहा कि मुगल काल में किन्नरों को भोग की वस्तु के रूप में देखा गया और उसी दौर में उनका धर्मांतरण प्रारंभ किया गया। उनके अनुसार, मुगल काल में ही किन्नर समाज की सबसे अधिक दुर्गति हुई और उनके चरित्र का हनन किया गया।
पूर्व सांसद ने दावा किया कि वर्तमान समय में भी किन्नरों का जबरन धर्मांतरण किया जा रहा है, जो समाज के लिए एक गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि समाज को इस मुद्दे को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता है।
साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने प्रशासन से मांग की कि जो लोग किन्नरों का जबरन धर्मांतरण कर रहे हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



