MP Weather Update: कोहरे के बीच आंधी-बारिश का अलर्ट, मुरैना-श्योपुर में ओलावृष्टि की चेतावनी
भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे के साथ बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने उत्तरी एमपी के 15 जिलों में आज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। मुरैना और श्योपुर जिलों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। वहीं, अगले चार दिनों तक प्रदेश में मावठा गिरने के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और जेट स्ट्रीम के सक्रिय होने से प्रदेश में यह स्थिति बनी है। 2 से 5 फरवरी के बीच इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। इस दौरान कई जिलों में बारिश हो सकती है, जबकि 10 फरवरी तक कहीं-कहीं हल्की वर्षा का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। जेट स्ट्रीम हवाओं के कारण प्रदेश में सर्द हवाएं चल रही हैं, जिससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
आज इन जिलों में बारिश के आसार
रविवार को ग्वालियर, गुना, मंदसौर, मुरैना, भिंड, आगर मालवा, अशोकनगर, छतरपुर, टीकमगढ़, नीमच, राजगढ़, दतिया, निवाड़ी और श्योपुर जिलों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम
2 फरवरी (सोमवार): भोपाल, ग्वालियर, गुना, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, शिवपुरी, श्योपुर, सतना, सागर, आगर मालवा, अशोकनगर, भिंड, मुरैना, दमोह, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
3 फरवरी (मंगलवार): ग्वालियर, गुना, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, शिवपुरी, श्योपुर, सतना, सागर, अशोकनगर, भिंड, मुरैना, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं-कहीं बारिश के आसार हैं।
4 फरवरी (बुधवार): रीवा, छतरपुर, सतना, मऊगंज और पन्ना में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया और श्योपुर सहित कई जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है।



