भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल। चुनाव आयोग और ईवीएम को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भोपाल में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा।
खंडेलवाल बोले- बिना सबूत आरोप लगाकर ध्यान भटका रहे राहुल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी बिना किसी ठोस सबूत के आरोप लगाकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग पहले ही इन मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट कर चुका है। खंडेलवाल ने कांग्रेस से लगातार चुनावी हार की समीक्षा करने की बात कही।
CM मोहन बोले- बड़े परिवार में पैदा होने से संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल का अधिकार नहीं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा और युवा लोकतंत्र है। उन्होंने कहा कि किसी बड़े परिवार में जन्म लेने मात्र से किसी को संवैधानिक संस्थाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का अधिकार नहीं मिल जाता।
सीएम यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से जुड़े न्यायिक फैसले का भी जिक्र किया। उन्होंने राहुल गांधी के फॉर्म-6 और ईवीएम को लेकर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया।
‘जहां जीतें वहां व्यवस्था सही, हारें तो EVM पर सवाल’
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के चुनावी रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस को जीत मिलती है, वहां चुनाव व्यवस्था पर सवाल नहीं उठाए जाते, जबकि हार के बाद ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया को लेकर आरोप लगाए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनादेश स्वीकार करने के साथ अपनी चुनावी रणनीति और संगठन पर भी विचार करना चाहिए।
कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन पर CM का बयान
कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं और न्यायपालिका का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करने के बजाय राहुल गांधी को देश और संवैधानिक संस्थाओं से माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग और ईवीएम को लेकर उठाए जा रहे सवालों को खारिज करते हुए अपने आरोपों के समर्थन में तथ्य और प्रमाण प्रस्तुत करने की मांग की।




