PM Modi Mann Ki Baat 130th Episode: मतदाता ही लोकतंत्र की आत्मा, स्टार्टअप से लेकर पर्यावरण तक बोले पीएम मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 25 जनवरी को साल-2026 की पहली मन की बात की। यह मन की बात कार्यक्रम का 130वां एपिसोड था। इस दौरान प्रधानमंत्री ने देशवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि मतदाता ही लोकतंत्र की आत्मा होता है।
पीएम मोदी ने कहा कि 26 जनवरी को देश गणतंत्र दिवस मनाएगा। इसी दिन भारत का संविधान लागू हुआ था। यह दिन हमें संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर देता है।
मतदाता दिवस पर दिया खास संदेश
प्रधानमंत्री ने कहा कि 25 जनवरी का दिन बेहद अहम है क्योंकि यह नेशनल वोटर्स डे है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि 18 वर्ष की उम्र पूरी होते ही खुद को मतदाता के रूप में जरूर पंजीकृत करें। पीएम ने सुझाव दिया कि जब कोई युवा पहली बार वोटर बने तो पूरे मोहल्ले, गांव या शहर में उसका अभिनंदन किया जाए और मिठाइयां बांटी जाएं, जिससे मतदान को लेकर जागरूकता बढ़े।
2016 की फोटो ट्रेंड और स्टार्टअप पर बड़ी बात
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर चल रहे 2016 की तस्वीरें शेयर करने के ट्रेंड का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। ऐसे स्टार्टअप सामने आए हैं, जिनकी कल्पना 10 साल पहले नहीं की जा सकती थी। पीएम ने सभी युवा स्टार्टअप उद्यमियों को सलाम करते हुए कहा कि क्वालिटी, क्वालिटी और क्वालिटी ही हमारा मंत्र होना चाहिए, ताकि इंडियन प्रोडक्ट की पहचान गुणवत्ता से बने।
तमसा नदी के पुनरुद्धार की सराहना
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से गुजरने वाली तमसा नदी का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे स्थानीय लोगों के प्रयासों से नदी को नया जीवन मिला। सफाई अभियान चलाया गया, किनारों पर पेड़ लगाए गए और सामूहिक प्रयास से नदी का पुनरुद्धार संभव हो पाया।
पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी की तारीफ
पीएम मोदी ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर देशभर में हो रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बेनॉय दास और मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के जगदीश प्रसाद अहिरवार के योगदान का जिक्र किया। पीएम ने बताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत देश में अब तक 200 करोड़ से अधिक पेड़ लगाए जा चुके हैं, जो लोगों की बढ़ती पर्यावरण जागरूकता को दर्शाता है।



