भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाई स्कूल सर्टिफिकेट (कक्षा 10वीं) बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू हो गई हैं। पहले दिन उर्दू विषय का पेपर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। परीक्षार्थियों को सुबह 8:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है, ताकि प्रवेश और अन्य औपचारिकताएं समय पर पूरी की जा सकें।
परीक्षा तीन घंटे की होगी। राज्यभर के सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के साथ फ्लाइंग स्क्वाड की टीमें तैनात हैं। नकल रोकने के लिए मोबाइल जैमर और अन्य हाईटेक उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। पहले दो घंटों तक छात्रों को परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। किसी भी तरह की गड़बड़ी पाए जाने पर पेपर निरस्त करने जैसी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इस वर्ष 10वीं की परीक्षा में 9 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। प्रदेशभर में हजारों परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 10 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी हैं। 10वीं की परीक्षाएं 13 फरवरी से प्रारंभ होकर 6 मार्च 2026 तक संचालित होंगी। हाल ही में मंडल ने समय सारणी में संशोधन करते हुए हिंदी विषय की परीक्षा 6 मार्च तक स्थानांतरित की है।
बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे समय से केंद्र पर पहुंचें, एडमिट कार्ड और आवश्यक दस्तावेज साथ रखें तथा शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से परीक्षा में शामिल हों।



