भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल: मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। यूनेस्को की विश्व धरोहरों की अस्थायी सूची यानी टेंटेटिव लिस्ट में मध्य प्रदेश के चार और ऐतिहासिक स्थलों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही सूची में प्रदेश की धरोहरों की कुल संख्या बढ़कर 19 हो गई है।
यूनेस्को की टेंटेटिव लिस्ट में शामिल किए गए नए स्थलों में धार की बाघ गुफाएं, सीहोर का गिन्नौरगढ़ किला, मुरैना का बटेश्वर मंदिर समूह और विदिशा की उदयगिरि गुफाएं शामिल हैं। भारत की टेंटेटिव लिस्ट में शामिल कुल 78 स्थलों में मध्य प्रदेश के 19 स्थल बताए गए हैं।
बाघ गुफाएं
धार जिले में बाघ नदी के किनारे स्थित बाघ गुफाओं का समूह नौ बौद्ध गुफाओं से बना है। इन्हें चौथी से छठी शताब्दी के बीच का माना जाता है। गुफा संख्या चार, जिसे रंग महल कहा जाता है, के भित्तिचित्रों में दरबार, जुलूस, संगीतकार, नर्तक और तत्कालीन सामाजिक जीवन से जुड़े दृश्य दिखाई देते हैं।
गिन्नौरगढ़ किला
सीहोर जिले में रातापानी के वन क्षेत्र की पहाड़ी पर स्थित गिन्नौरगढ़ किला गोंड शासन की स्थापत्य और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थल है। प्राकृतिक परिवेश के बीच स्थित यह किला मध्य प्रदेश के मध्यकालीन इतिहास की महत्वपूर्ण झलक प्रस्तुत करता है।
बटेश्वर मंदिर समूह
मुरैना जिले में स्थित बटेश्वर मंदिर समूह मध्य प्रदेश की प्राचीन मंदिर वास्तुकला का महत्वपूर्ण उदाहरण है। यहां मौजूद मंदिरों का निर्माण लगभग आठवीं से 11वीं शताब्दी के बीच का माना जाता है। यह क्षेत्र अपनी स्थापत्य शैली और बड़ी संख्या में मंदिर संरचनाओं के लिए जाना जाता है।
उदयगिरि गुफाएं
विदिशा के पास स्थित उदयगिरि में चट्टानों को काटकर बनाए गए करीब 20 गुफा मंदिर हैं। यहां मंदिरों, मूर्तियों, शिलालेखों और प्राकृतिक भू-दृश्य का अनूठा संयोजन देखने को मिलता है। उदयगिरि की प्रसिद्ध वराह प्रतिमा गुप्तकालीन धार्मिक कला और वैष्णव परंपरा से जुड़ी महत्वपूर्ण कृति मानी जाती है।
इन चार स्थलों के टेंटेटिव लिस्ट में शामिल होने से मध्य प्रदेश की प्राचीन कला, स्थापत्य, धार्मिक परंपरा और ऐतिहासिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की संभावनाएं और बढ़ी हैं। हालांकि, टेंटेटिव लिस्ट में शामिल होना विश्व धरोहर का अंतिम दर्जा मिलना नहीं है; इसके बाद नामांकन और मूल्यांकन की प्रक्रिया होती है।




