MP की 4 विभूतियों को मिलेगा पद्मश्री सम्मान, सीएम डॉ. मोहन यादव ने दी बधाई
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पद्म पुरस्कारों से सम्मानित होने वाली सभी विभूतियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस वर्ष मध्य प्रदेश की चार विभूतियों को पद्मश्री सम्मान से नवाजा जाएगा, जिससे प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर गौरव प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पद्मश्री सम्मान पाने वाले
भगवान दास रैकवार (खेल),
कैलाश चंद्र पंत (साहित्य एवं शिक्षा),
मोहन नागर (सामाजिक कार्य) और
नारायण व्यास (पुरातत्व)
को बधाई देते हुए कहा कि इन सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर न केवल प्रदेश, बल्कि देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इन विभूतियों का योगदान भावी पीढ़ियों के लिए राष्ट्रसेवा की प्रेरणा है। मुख्यमंत्री ने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
131 पद्म पुरस्कारों की हुई घोषणा
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को वर्ष 2026 के लिए कुल 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की है। इसमें
5 पद्म विभूषण,
13 पद्म भूषण और
113 पद्मश्री पुरस्कार शामिल हैं।
19 महिलाएं और 16 मरणोपरांत सम्मान
इस वर्ष पद्म पुरस्कार पाने वालों में 19 महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा विदेशी नागरिकों, अनिवासी भारतीयों सहित अन्य श्रेणियों में 6 विभूतियों को भी सम्मानित किया गया है। दिवंगत फिल्म अभिनेता धर्मेन्द्र सिंह देओल सहित 16 विभूतियों को मरणोपरांत पद्म पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
सभी सम्मानित विभूतियों को राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में पद्म पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।



