भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल और इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट की घटनाओं को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने मुख्य सचिव अनुराग जैन को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पटवारी ने भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर हुए प्रदर्शन को ‘संगठित गुंडागर्दी’ करार देते हुए आरोप लगाया कि पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने कहा कि भोपाल, इंदौर सहित कई स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालयों पर सुनियोजित तरीके से हमला किया और कांग्रेस नेताओं पर जानलेवा हमले का प्रयास किया गया।
पत्र में उन्होंने लिखा कि शनिवार को घटी घटनाओं ने प्रदेश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है। यदि इन घटनाओं में किसी स्तर पर राजनीतिक संरक्षण या सहमति की भूमिका सामने आती है तो उसकी स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि प्रदेश की जनता का कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक निष्पक्षता पर विश्वास कायम रह सके।
कांग्रेस ने पूरे मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, वहीं प्रदेश की सियासत में इस मुद्दे को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है।




