मध्यप्रदेश में गुरुवार सुबह कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों से लेकर वन्यजीवों की संख्या, राजधानी में हत्या और आगजनी की घटनाओं तक कई अहम अपडेट सामने आए हैं।
सीएम डॉ. मोहन यादव के बैक-टू-बैक कार्यक्रम
डॉ. मोहन यादव आज कई कार्यक्रमों और बैठकों में शामिल होंगे। वे सुबह 11 बजे से दोपहर 1:10 बजे तक मंत्रालय में महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:15 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शुजालपुर नगर पालिका के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे।
दोपहर 2 बजे ‘आगामी जल गंगा संवर्धन अभियान’ और 3 बजे ‘जल संचय जन भागीदारी कार्यक्रम’ की बैठक में वीसी के माध्यम से हिस्सा लेंगे। शाम 5 बजे मंत्रालय से सीएम हाउस के लिए रवाना होंगे।
प्रदेश में गिद्धों की संख्या 14 हजार के पार
मध्यप्रदेश में गिद्धों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वन विभाग द्वारा तीन दिन तक किए गए सर्वे में प्रदेश में गिद्धों की संख्या 14 हजार से अधिक पाई गई है। इससे पहले हुई गणना में 12,981 गिद्ध दर्ज किए गए थे। अंतिम रिपोर्ट आने के बाद यह संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
भोपाल में पुलिस जवान आज खेलेंगे होली
भोपाल में आज पुलिस जवान होली का उत्सव मनाएंगे। पुलिस लाइन नेहरू नगर में सुबह 10 बजे ‘पुलिस होली मिलन समारोह’ आयोजित होगा। दरअसल होली के दिन सुरक्षा व्यवस्था में तैनाती के कारण पुलिसकर्मी अगले दिन त्योहार मनाते हैं।
राजधानी में होली पर युवक की हत्या
भोपाल में होली के दिन एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। अरविंद उर्फ छोटू मीणा नाम के युवक पर आरोपियों ने पेट में चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना बेस्ट प्राइस चौराहे के पास की बताई जा रही है। निशातपुरा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंदौर एयरपोर्ट की बाउंड्री के पास लगी आग
इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में स्थित देवी अहिल्या बाई होलकर एयरपोर्ट की बाउंड्री के पास झाड़ियों में भीषण आग लग गई। आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और दमकल की पांच से ज्यादा गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
दतिया में नहर में डूबा युवक, रेस्क्यू जारी
दतिया में होली के दिन एक युवक नहर में नहाते समय बह गया। बताया जा रहा है कि झांसी निवासी राहुल यादव अपने दोस्तों के साथ रतनगढ़ मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान राजघाट नहर में नहाते समय वह बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खोजबीन जारी है।



