जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में पिछड़ा वर्ग संयुक्त मोर्चा की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज से जुड़ी प्रमुख मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से 18 जनवरी 2026 को राजधानी भोपाल में विशाल महासम्मेलन आयोजित करने का ऐलान किया गया।
बैठक के दौरान पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर अब निर्णायक आंदोलन की जरूरत है।
बैठक में उठाए गए प्रमुख मुद्दे
जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण लागू किया जाए और ओबीसी को 52 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए।
IAS अधिकारी संतोष वर्मा के साथ न्याय करते हुए उनके खिलाफ की गई सभी कार्यवाहियों को तत्काल वापस लिया जाए।
बैकलॉग पदों की पूर्ति करते हुए सभी रिक्त पदों को एक महीने के भीतर भरा जाए और बैकलॉग को प्राथमिकता दी जाए।
ओबीसी के 13 प्रतिशत होल्ड पदों को तुरंत अनहोल्ड कर जारी किया जाए।
निजी क्षेत्र में भी ओबीसी आरक्षण लागू किया जाए।
मोर्चा ने ऐलान किया कि इन सभी मांगों को लेकर 18 जनवरी 2026 को भोपाल में OBC, ST और SC का महाधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इस महासम्मेलन में समाज के विभिन्न वर्गों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों और युवाओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
पिछड़ा वर्ग संयुक्त मोर्चा ने कहा कि यह महासम्मेलन सामाजिक न्याय और अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने की दिशा में एक निर्णायक कदम होगा।



