उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार तड़के 4 बजे कपाट खुलते ही भस्म आरती विशेष श्रृंगार के साथ संपन्न हुई। वैशाख माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा पर भगवान महाकाल का जलाभिषेक और पंचामृत से पूजन किया गया।
मस्तक पर चांदी का बेलपत्र, चंद्र और दिव्य आभूषणों से भगवान महाकालेश्वर का राजा स्वरूप में अलौकिक श्रृंगार किया गया। भस्म अर्पण से पहले मंत्रोच्चार के साथ पूजन हुआ और कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग पर भस्म रमाई गई।
भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामनाएं कहकर भक्तों ने आशीर्वाद मांगा। मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा।



