भोपाल। राजधानी भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र में होली के दिन एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। घर के सामने खड़ी एक युवती की कार पर अज्ञात व्यक्ति ने रंग में मिलाकर तेजाब फेंक दिया। एसिड इतना तेज था कि कार का ओरिजिनल रंग तक उतर गया और पेंट बुरी तरह खराब हो गया।
पीड़ित युवती एक प्रतिष्ठित संस्थान में एचआर पद पर कार्यरत हैं। घटना के बाद वह काफी डरी और सहमी हुई हैं। युवती का कहना है, “आज कार पर एसिड डाला गया है, कल मुझ पर भी डाला जा सकता है। यह किसी की सोची-समझी साजिश लगती है।”
सूचना मिलते ही ऐशबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने भी माना है कि यह हरकत जानबूझकर की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और संदिग्धों की खोज में छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों के बयानों के आधार पर आरोपियों तक जल्द पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
होली जैसे त्योहार के दिन हुई इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब लोग त्योहारों के दौरान घर से बाहर रहते हैं। पुलिस का दावा है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



