भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव 2026 में मतदान को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बंपर वोटिंग को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि जब भी मतदान प्रतिशत बढ़ता है, सामान्य तौर पर यह मौजूदा सरकार के खिलाफ जाता है। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता इस बार कांग्रेस को चुनने जा रही है।
उमंग सिंघार ने कहा कि वह खुद दतिया जाकर लोगों से मिले थे। उनके अनुसार, जनता के बीच डर का माहौल था और अब लोग उस डर से बाहर निकलने के लिए मतदान कर रहे हैं।
दोपहर 1 बजे तक 50.26 प्रतिशत मतदान
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हो रहा है। चुनाव आयोग के अनुसार, दोपहर 1 बजे तक दतिया सीट पर 50.26 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इस सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह और आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव के बीच माना जा रहा है।
पिछले चुनाव में कांग्रेस-बीजेपी के बीच रहा था करीबी मुकाबला
दतिया विधानसभा सीट पर पिछले चुनाव में भी कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला था।
- कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र भारती को 88,977 वोट मिले थे।
- कांग्रेस का वोट शेयर 50.34 प्रतिशत रहा था।
- भाजपा प्रत्याशी नरोत्तम मिश्रा को 81,235 वोट मिले थे।
- भाजपा का वोट शेयर 45.96 प्रतिशत रहा था।
कुल 1 लाख 76 हजार 759 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था। इसमें 1 लाख 74 हजार 661 सामान्य मतदाता और 2 हजार 98 पोस्टल वोट शामिल थे।
दतिया में लगातार बढ़ा मतदान प्रतिशत
दतिया विधानसभा सीट पर पिछले कुछ चुनावों में मतदान प्रतिशत में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है।
- 2023: 79.04 प्रतिशत
- 2018: 77.35 प्रतिशत
- 2013: 75.59 प्रतिशत
- 2008: 73.66 प्रतिशत
वर्ष 2023 में पोस्टल वोट सहित कुल मतदान प्रतिशत 80.02 प्रतिशत रहा था।
अब सभी की नजरें मतदान समाप्त होने के बाद आने वाले अंतिम मतदान प्रतिशत और चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।



