भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर केंद्र सरकार ने पुलिस, फायर सर्विस, होम गार्ड, सिविल डिफेंस और जेल सेवाओं के 1,057 कर्मियों को गैलेंट्री और सर्विस मेडल देने की घोषणा की है। इनमें 301 गैलेंट्री मेडल, 92 प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस (PSM) और 664 मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस (MSM) शामिल हैं।
301 कर्मियों को गैलेंट्री मेडल
कुल 301 गैलेंट्री मेडल में 272 पुलिसकर्मी और 29 फायर सर्विस कर्मी शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा 197 कर्मियों को लेफ्ट विंग एक्सट्रीमिज्म (LWE) यानी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में उनकी बहादुरी के लिए सम्मानित किया गया है।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के 51, नॉर्थ-ईस्ट के 12 और अन्य क्षेत्रों के 41 कर्मियों को भी गैलेंट्री मेडल दिया गया है।
ये पदक उन कर्मियों को दिए जाते हैं, जिन्होंने लोगों की जान बचाने, संपत्ति की सुरक्षा, अपराध रोकने या अपराधियों को पकड़ने के दौरान असाधारण साहस और बहादुरी का प्रदर्शन किया।
92 कर्मियों को प्रेसिडेंट्स मेडल
सरकार ने 92 कर्मियों को प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस देने की घोषणा की है। इनमें 83 पुलिसकर्मी, 4 फायर सर्विस कर्मी, 3 सिविल डिफेंस एवं होम गार्ड कर्मी और 2 करेक्शनल सर्विस कर्मी शामिल हैं।
वहीं, 664 कर्मियों को मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस प्रदान किया जाएगा। इनमें 606 पुलिसकर्मी, 28 फायर सर्विस कर्मी, 18 सिविल डिफेंस एवं होम गार्ड कर्मी और 12 करेक्शनल सर्विस कर्मी शामिल हैं।
CBI के 21 अधिकारी-कर्मचारी भी सम्मानित
केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI के 21 अधिकारी-कर्मचारियों को भी राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है। इनमें 6 को PSM और 15 को MSM प्रदान किया गया है।
PSM पाने वालों में शोभा दत्ता, मनोज बनर्जी, गिन्नी राणा, संजय कुमार समाल, रमेश चंद और मदन लाल धीमान शामिल हैं।
MSM पाने वालों में DSP, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर, हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल के साथ-साथ कानूनी और तकनीकी स्टाफ भी शामिल है। ये अधिकारी दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, कोलकाता, जयपुर, पटना, चंडीगढ़, मदुरै और बेंगलुरु समेत विभिन्न CBI इकाइयों में तैनात हैं।
इन पदकों के जरिए जांच, कानून, तकनीक, प्रशासन और फील्ड ड्यूटी में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मियों की निष्ठा, साहस और उत्कृष्ट सेवा को सम्मानित किया जा रहा है।




