भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबलपुर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि राजधानी भोपाल में बूंदाबांदी के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के पूर्वी हिस्से में लो प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ सक्रिय है। इसके प्रभाव से कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। शनिवार को सतना, सीधी, पन्ना, बालाघाट, छतरपुर और नरसिंहपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर रहे।
इन 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
रविवार को छिंदवाड़ा, बैतूल, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, श्योपुर, सीधी, रायसेन, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, सिवनी, डिंडोरी और बालाघाट में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
कई जिलों में हल्की से तेज बारिश के आसार
इसके अलावा भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, धार, आलीराजपुर, अनूपपुर, अशोकनगर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, मंडला, शाजापुर, सागर, देवास, रतलाम, हरदा, गुना, दतिया, दमोह, कटनी, रीवा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
40 जिलों में सामान्य से कम बारिश
प्रदेश में अब तक 40 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। कई जिलों में बारिश की कमी 51 प्रतिशत तक पहुंच गई है। प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जबकि 15 जिलों में औसत से अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
राजधानी भोपाल में अगस्त के दौरान अच्छी बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगस्त महीने का बारिश का कोटा पूरा होने की संभावना है। लगातार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




