तिरुवनंतपुरम।केरलम की नई यूडीएफ सरकार में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने वित्त, कानून, सामान्य प्रशासन और बंदरगाह समेत 35 अहम विभाग अपने पास रखे हैं। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला को गृह और विजिलेंस जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
केरल लोक भवन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, मुख्यमंत्री कार्यालय के पास सरकार के कई बड़े और नीतिगत फैसलों से जुड़े विभाग रहेंगे। इससे साफ है कि नई सरकार में प्रशासनिक नियंत्रण का केंद्र मुख्यमंत्री कार्यालय ही रहेगा।
चेन्निथला को गृह मंत्रालय, कुन्हालीकुट्टी संभालेंगे उद्योग
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला को गृह मंत्रालय और विजिलेंस विभाग दिया गया है। इसके अलावा वे तीन अन्य विभागों की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
IUML नेता पीके कुन्हालीकुट्टी को उद्योग, आईटी और टेक्सटाइल समेत सात विभाग सौंपे गए हैं। वहीं केरल कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ को बिजली और पर्यावरण मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है।
स्वास्थ्य और शिक्षा विभागों में नए चेहरे
के. मुरलीधरन को स्वास्थ्य और देवासम विभाग सौंपा गया है। रोजी एम. जॉन उच्च शिक्षा विभाग संभालेंगे, जबकि ए.पी. अनिल कुमार को भूमि एवं राजस्व विभाग मिला है। शम्सुद्दीन को राज्य का नया सामान्य शिक्षा मंत्री बनाया गया है।
10 साल बाद सत्ता में लौटा UDF
गौरतलब है कि वाम मोर्चे को सत्ता से बाहर कर कांग्रेस नीत यूडीएफ ने 10 साल बाद केरल में वापसी की है। वी.डी. सतीशन ने 18 मई 2026 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने सतीशन समेत 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल को शपथ दिलाई थी।
धर्मनिरपेक्ष रुख पर समझौता नहीं
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने कहा कि यूडीएफ सरकार अपने धर्मनिरपेक्ष रुख पर कायम है और इस मुद्दे पर किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।



