भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने टीकमगढ़, नरसिंहपुर और पन्ना में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के ऊपर बना सक्रिय अवदाब अब पूर्वी मध्यप्रदेश की ओर बारिश का सिस्टम तैयार कर रहा है। इसके प्रभाव से विंध्य, बुंदेलखंड और महाकौशल क्षेत्र में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
टीकमगढ़, नरसिंहपुर और पन्ना में अति भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं जबलपुर, सतना, सागर, सीधी, शहडोल, रायसेन, दमोह, कटनी, मंडला, मऊगंज, रीवा और छतरपुर में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
भोपाल-इंदौर समेत इन इलाकों में भी बारिश
भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, विदिशा, राजगढ़, सीहोर, सिवनी, सिंगरौली, बैतूल, बड़वानी, बुरहानपुर, बालाघाट, खरगोन, खंडवा, आलीराजपुर, आगर-मालवा, अशोकनगर, अनूपपुर, शिवपुरी, शाजापुर, श्योपुर, रतलाम, नीमच, नर्मदापुरम, निवाड़ी, मैहर, मंदसौर, मुरैना, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, डिंडोरी, देवास, दतिया, हरदा, भिंड, धार, झाबुआ, उमरिया और गुना में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं।
मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए नदी-नालों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




