भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल मध्य प्रदेश के कटनी में जमीन से जुड़े विवाद ने अब बड़ा प्रशासनिक मोड़ ले लिया है। मामले में नाम सामने आने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कटनी की CSP नेहा पच्चीसिया के खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मामला उस जमीन से जुड़ा है, जिसकी कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। आरोप है कि दबाव बनाकर इस जमीन का सौदा करीब 18 लाख रुपये में कराया गया। प्रकरण में आपराधिक साजिश सहित अन्य आरोपों को लेकर FIR पहले ही दर्ज की जा चुकी है। मामले की जांच के दौरान CSP नेहा पच्चीसिया का नाम भी सामने आया है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारी के विरुद्ध तत्काल निलंबन की कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस और प्रशासन से जुड़े अधिकारियों की भूमिका में यदि लापरवाही या अनियमितता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कटनी जमीन मामले में FIR के बाद अब निलंबन की कार्रवाई से प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की आगे की जांच में जुटे हैं।




