भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में स्वाइन फ्लू (H1N1) से 60 वर्षीय महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मरीज की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कोकिलाबेन धीरुभाई अंबानी अस्पताल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अस्पताल प्रबंधन पर मरीज के H1N1 पॉजिटिव होने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को समय पर नहीं देने का आरोप है।
16 दिन अस्पताल में भर्ती रही महिला
जानकारी के मुताबिक, महिला करीब 16 दिनों तक इंदौर के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती रहीं। हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने के बाद परिजन उन्हें उज्जैन ले गए, जहां 19 अगस्त को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जांच के दौरान महिला के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
स्वास्थ्य विभाग का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने H1N1 संक्रमण की जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय को समय पर उपलब्ध नहीं कराई। इसे विभाग ने गंभीर लापरवाही माना है।
जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित
मामले की वास्तविक स्थिति और अस्पताल स्तर पर हुई चूक की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तीन डॉक्टरों की समिति गठित की है। समिति मरीज के मेडिकल रिकॉर्ड, जांच रिपोर्ट और उपचार से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल करेगी। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि H1N1 की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने में देरी क्यों हुई।
समिति अपनी जांच रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
सभी अस्पतालों को तत्काल रिपोर्टिंग के निर्देश
महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इंदौर के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को संक्रामक बीमारियों की रिपोर्टिंग को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि H1N1 सहित किसी भी संक्रामक बीमारी की पुष्टि होने पर संबंधित मरीज की जानकारी तत्काल स्वास्थ्य विभाग को देना अनिवार्य है।
अधिकारियों ने अस्पतालों को चेतावनी दी है कि रिपोर्टिंग में लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थान के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




