भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और कई इलाकों में अतिवृष्टि के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार, 5 सितंबर को भोपाल स्थित होमगार्ड कार्यालय के SDRF स्टेट कमांड सेंटर पहुंचकर प्रदेश में बारिश और बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कमांड सेंटर से आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की स्थिति का अवलोकन करने के साथ अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कई लोगों से सीधा संवाद भी किया।
SDRF-NDRF की टीमें मुस्तैद
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है और कई हिस्सों में बारिश की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि राहत की बात है कि SDRF और NDRF की टीमें लगातार मुस्तैदी से काम कर रही हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन टीमों ने पिछले एक महीने के दौरान 2,783 से अधिक लोगों को रेस्क्यू किया है। हालांकि पिछले दो से चार दिनों में ऐसी कोई आपात स्थिति सामने नहीं आई है, जिसमें बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाना पड़ा हो।
अचानक आई बाढ़ में जवानों ने बचाई जान
सीएम मोहन यादव ने कहा कि अचानक आई बाढ़ की चुनौती के दौरान रेस्क्यू टीमों ने तत्परता से काम किया। जवानों की मुस्तैदी से कई लोगों के साथ-साथ मवेशियों को भी सुरक्षित बचाया जा सका।
उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान पानी अचानक भरने से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसी परिस्थितियों में प्रशासन और रेस्क्यू टीमों की तत्परता बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।
पुलिस और रेस्क्यू टीमों की सराहना
मुख्यमंत्री ने आपदा की स्थिति में पुलिस और बचाव दलों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में दक्षता के साथ काम किया है।
उन्होंने कहा कि अभी बारिश का मौसम कुछ दिन और बना रहेगा, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। इसी को देखते हुए राज्य सरकार लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है।
जनता से किया सीधा संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने SDRF स्टेट कमांड सेंटर से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से सीधा संवाद कर वहां की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार नागरिकों के साथ खड़ी है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।




