भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
- CM मोहन यादव का देवास दौरा, नवनियुक्त अभ्यर्थियों को देंगे नियुक्ति पत्र
- भोपाल में वकील से मारपीट मामला, TI समेत 3 पुलिसकर्मियों पर FIR
- विदिशा में ‘श्याम डेयरी’ पर छापा, 750 किलो सामग्री जब्त
- भोपाल रेलवे स्टेशन के कचरा प्रबंधन मामले में आज सुनवाई
- MP नर्सिंग कॉलेज मामले में हाई कोर्ट में सुनवाई आज
- भोपाल में गणेश विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, 184 गोताखोर तैनात
भोपाल। मध्य प्रदेश में आज यानी 24 सितंबर को प्रशासनिक गतिविधियों, कानूनी मामलों, खाद्य सुरक्षा की कार्रवाई और त्योहारों की तैयारियों से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के देवास दौरे से लेकर भोपाल में पुलिसकर्मियों पर FIR और गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों तक, प्रदेश में आज कई महत्वपूर्ण गतिविधियां रहेंगी। पढ़िए दिनभर की प्रमुख खबरें—
CM मोहन यादव का देवास दौरा, नवनियुक्त अभ्यर्थियों को देंगे नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह भोपाल से देवास के पुंजापुरा के लिए रवाना होंगे। यहां वे ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ कार्यक्रम में शामिल होंगे और सिंगल क्लिक के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि हितग्राहियों के खातों में ट्रांसफर करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री भोपाल लौटेंगे और मंत्रालय में छात्रावासों की नवनिर्मित मेस का वर्चुअली शुभारंभ करेंगे। वे राजस्व संग्रहण की समीक्षा बैठक में भी शामिल होंगे। शाम 5 बजे खनिज विभाग के नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
भोपाल में वकील से मारपीट मामला, TI समेत 3 पुलिसकर्मियों पर FIR
भोपाल के जहांगीराबाद थाने में अधिवक्ता राकेश रावल के साथ मारपीट के मामले में वकीलों के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। जहांगीराबाद थाना प्रभारी (TI) राजन अहिरवार और दो आरक्षकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मांग पूरी होने के बाद वकीलों ने कोर्ट चौराहे पर जश्न मनाया। वहीं, ट्रैफिक सिपाही की शिकायत पर अधिवक्ता राकेश रावल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
विदिशा में ‘श्याम डेयरी’ पर छापा, 750 किलो सामग्री जब्त
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विदिशा स्थित श्याम डेयरी इंडस्ट्री पर कार्रवाई करते हुए करीब 4.50 लाख रुपये कीमत की 750 किलो अमानक सामग्री सील की है। जांच के दौरान बिना लाइसेंस मल्टीपरपज वेज फैट का निर्माण और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार किए जाने की बात सामने आई। प्रशासन ने फैक्ट्री को सील कर दिया है और FSSAI लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
भोपाल रेलवे स्टेशन के कचरा प्रबंधन मामले में आज सुनवाई
भोपाल रेलवे स्टेशन पर साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन में लापरवाही के मामले में आज सुनवाई होनी है। मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने रेलवे पर 10.06 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और रिकवरी नोटिस जारी किया है। मामले की सुनवाई NGT की सेंट्रल जोन बेंच में चल रही है।
MP नर्सिंग कॉलेज मामले में हाई कोर्ट में सुनवाई आज
प्रदेश के चर्चित नर्सिंग कॉलेज मामले में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में आज फिर सुनवाई होगी। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने 189 नर्सिंग कॉलेजों के छात्रों को परीक्षा में शामिल होने और लंबित परिणाम जारी करने की राहत दी थी। इसके साथ ही डुप्लीकेट फैकल्टी वाले कॉलेजों पर जुर्माना लगाने और पौधे लगाने के निर्देश भी दिए गए थे।
भोपाल में गणेश विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, 184 गोताखोर तैनात
अनंत चतुर्दशी के मद्देनजर भोपाल में गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर नगर निगम और पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के 7 प्रमुख घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत लाइफ जैकेट, ट्यूब, 13 क्रेन, 12 पोकलेन और 184 गोताखोर तैनात किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो दर्जन से अधिक स्थानों पर नगर निगम के स्टॉल भी लगाए गए हैं।




