बालाघाट: नक्सली मुठभेड़ में हॉक फोर्स के इंस्पेक्टर आशीष शर्मा शहीद, तीन राज्यों की संयुक्त टीम को कर रहे थे लीड
बालाघाट। मध्य प्रदेश–छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र की संयुक्त सुरक्षा टीम और नक्सलियों के बीच बुधवार सुबह हुई भीषण मुठभेड़ में हॉक फोर्स के जांबाज़ इंस्पेक्टर आशीष शर्मा शहीद हो गए। दो बार वीरता पदक से सम्मानित इंस्पेक्टर शर्मा संयुक्त ऑपरेशन को लीड कर रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, नक्सलियों की ओर से अचानक की गई गोलीबारी में इंस्पेक्टर शर्मा को सीने के पास गोली लगी। उन्हें तत्क्षण सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उन्होंने अंतिम सांस ली।
इंस्पेक्टर शर्मा अपनी बहादुरी, तेज रणनीतिक क्षमता और कई सफल नक्सल-रोधी अभियानों के कारण बल में विशेष पहचान रखते थे। उनकी शहादत से सुरक्षा बल में शोक की लहर है, वहीं अधिकारियों ने उनके बलिदान को अविस्मरणीय बताया है।
मुठभेड़ से संबंधित क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है, और सुरक्षा बल नक्सलियों के मूवमेंट को ट्रैक करने में जुटे हैं।
राज्य सरकार और पुलिस विभाग ने इंस्पेक्टर आशीष शर्मा के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई और तेज गति से जारी रहेगी।
नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर पुलिस टीम जैसे ही मौके पर पहुँची, जंगल में अचानक मुठभेड़ शुरू हो गई। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की संयुक्त टीम का नेतृत्व कर रहे हॉक फोर्स के इंस्पेक्टर आशीष शर्मा इस दौरान नक्सलियों की गोलीबारी में घायल हो गए।
उन्हें गंभीर हालत में तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।



