भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मध्य प्रदेश ने भवन निर्माण एवं भवन सुदृढ़ीकरण समिति में नई नियुक्तियों के संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा 12 मई 2026 को समिति के गठन की घोषणा की गई थी। इसके बाद 13 अक्टूबर 2026 को नियुक्तियों का आदेश जारी किया गया।
प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता को समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वरिष्ठ नेताओं को भी मिली जिम्मेदारी
भवन निर्माण एवं भवन सुदृढ़ीकरण समिति में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। इनमें श्याम महाजन, शैलेंद्र बरुआ और राहुल कोठारी को सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा, भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती और गौरव गर्ग को भी समिति में स्थान दिया गया है।
संगठनात्मक भवनों के सुदृढ़ीकरण पर रहेगा फोकस
भाजपा की इस समिति का गठन पार्टी कार्यालयों के निर्माण और मौजूदा भवनों के सुदृढ़ीकरण से जुड़े कार्यों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समिति में वरिष्ठ नेताओं और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपे जाने से आगामी निर्माण कार्यों की योजना और क्रियान्वयन को गति मिलने की उम्मीद है।



