बड़े शहरों में सप्लाई पर असर
बेंगलुरु, मुंबई, दिल्ली, चेन्नई और पुणे जैसे बड़े शहरों में रेस्टोरेंट मालिकों को गैस की कमी का सामना करना पड़ रहा है। 9 मार्च को कई जगहों पर कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई अचानक रुक गई। कुछ होटलों को सिर्फ 20 प्रतिशत डिलीवरी मिली, जबकि कई जगहों पर सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई।
एक सामान्य रेस्टोरेंट को रोजाना 2 से 4 कमर्शियल सिलेंडर की जरूरत होती है, जबकि बड़े रेस्टोरेंट में 6 से 8 सिलेंडर तक इस्तेमाल होते हैं। सुरक्षा नियमों के कारण रेस्टोरेंट ज्यादा सिलेंडर स्टॉक नहीं कर सकते, जिससे सप्लाई रुकने पर किचन चलाना मुश्किल हो जाता है।
सिलेंडर की कीमत भी बढ़ी
सप्लाई की कमी के साथ-साथ 19 किलोग्राम के कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत भी तेजी से बढ़ी है। पहले यह सिलेंडर 1,650 से 1,850 रुपये के बीच मिलता था, लेकिन अब इसकी कीमत बढ़कर 2,100 से 2,300 रुपये तक पहुंच गई है।
दिल्ली के सरिता विहार में रेस्टोरेंट चलाने वाले सिद्धार्थ का कहना है कि खाना, किराया और कर्मचारियों की सैलरी पहले से ही महंगी हो चुकी है। अब गैस संकट ने कारोबार को और मुश्किल बना दिया है, जिससे हजारों कर्मचारियों की नौकरी भी प्रभावित हो सकती है।
रेस्टोरेंट बंद होने का खतरा
नोएडा में ‘रेड मिर्ची’ रेस्टोरेंट के मालिक अजय के मुताबिक, अगर गैस की सप्लाई जल्दी सामान्य नहीं हुई तो अप्रैल से ही कीमतें 20-30 प्रतिशत तक बढ़ानी पड़ सकती हैं।
नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने भी चेतावनी दी है कि अगर सप्लाई में सुधार नहीं हुआ तो अगले दो से तीन दिनों में 50-60 प्रतिशत रेस्टोरेंट बंद होने की नौबत आ सकती है। इसका असर क्लाउड किचन और फूड डिलीवरी सेवाओं पर भी पड़ सकता है।
सरकार ने बढ़ाया उत्पादन
पेट्रोलियम मंत्रालय का कहना है कि वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के कारण सप्लाई प्रभावित हुई है। ऐसे में देश की रिफाइनरियों को LPG उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल सरकार की प्राथमिकता घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही एक कमेटी रेस्टोरेंट और होटल सेक्टर की मांग की समीक्षा भी करेगी।



