ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आबकारी विभाग की कार्रवाई में जब्त की गई शराब जहरीली पाई गई है। यह शराब भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह तोमर के फार्महाउस से बरामद की गई थी। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि जब्त शराब का सेवन जानलेवा हो सकता था।
जानकारी के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2025 को आबकारी विभाग ने घाटीगांव क्षेत्र में हाईवे स्थित फार्महाउस पर छापेमारी कर नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान 36 ड्रम, 313 केन में भरी करीब 22,850 लीटर ओपी (ओवर प्रूफ स्पिरिट), शराब पैकिंग मशीनें, ओपी से बनी 220 पेटी तैयार व्हिस्की सहित भारी मात्रा में सामग्री बरामद की गई थी।
अब FSL रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि जब्त शराब जहरीली थी और इसके सेवन से मौत होना तय था। रिपोर्ट सामने आते ही आबकारी विभाग की कार्रवाई तेज हो गई है।
सहायक आबकारी अधिकारी राजेश तिवारी ने बताया कि मामले में अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं फैक्ट्री का कथित मास्टरमाइंड, सोनीपत का कांग्रेस नेता Randeep Malik और अमित कुमार अभी फरार हैं। रणदीप मलिक पर अंतरराज्यीय तस्करी के 15 मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
आबकारी विभाग की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जल्द ही रवाना होंगी। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है।



