भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘सफलता के मंत्र’ कार्यक्रम में UPSC में चयनित अभ्यर्थियों से संवाद किया और उन्हें बधाई दी। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक सख्ती का स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जो अधिकारी सही ढंग से काम नहीं करेंगे, उन्हें हटाया जाएगा, जबकि योग्य लोगों को आगे बढ़ाया जाएगा।
सीएम ने इस वर्ष चयनित 61 अभ्यर्थियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि ये सभी मध्य प्रदेश का गौरव हैं और भविष्य में यह संख्या और बढ़नी चाहिए। उन्होंने लोकतंत्र की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि यही व्यवस्था है, जहां एक चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री बन सकता है और सामान्य पृष्ठभूमि से आया व्यक्ति मुख्यमंत्री बन सकता है।
कार्यक्रम में उन्होंने सरकारी स्कूल-कॉलेजों से निकलकर सफलता पाने वाले छात्रों की विशेष सराहना की और कहा कि प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों से भी प्रतिभाएं सामने आ रही हैं।
गुना और सीधी में हाल ही में हुई प्रशासनिक कार्रवाई का जिक्र करते हुए डॉ. मोहन यादव ने साफ कहा कि “जो काम नहीं करेगा, उसे मैदान से हटाना है और योग्य लोगों को बढ़ाना है।” उन्होंने इसे प्रशासनिक निरंतरता का हिस्सा बताते हुए सुशासन पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब देश के लिए जीने और काम करने का समय है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही डॉ. मोहन यादव प्रशासनिक मामलों में सख्त रुख अपनाए हुए हैं और कई मामलों में वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।



