भोपाल: मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार ने शनिवार, 12 दिसंबर 2025 को अपने दो साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड मीडिया के सामने प्रस्तुत किया। उन्होंने जिला स्तर और ग्राउंड लेबल पर लागू की गई सरकारी योजनाओं से संबंधित दो पुस्तकों का भी विमोचन किया।
‘नक्सल मुक्त मध्य प्रदेश’ सबसे बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने अपने दो साल के कार्यकाल की सबसे बड़ी सफलता के रूप में मध्य प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त करने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में नक्सली गतिविधियां चरम पर थीं और बड़ी हिंसक घटनाएं होती थीं, लेकिन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा दी गई समय-सीमा के भीतर यह संभव हो सका।
सीएम ने कहा, “मंडला, डिंडोरी और बालाघाट को नक्सल मुक्त करना सबसे बड़ा काम रहा।” उन्होंने बताया कि बेहतर रणनीति और आधुनिक उपकरणों की मदद से नक्सलियों में सरेंडर करने की होड़ मच गई थी।
सिंहस्थ 2028: दिव्य और भव्य आयोजन का वादा
विकास के एजेंडे पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश में नदी जोड़ो अभियान की शुरुआत की गई। उन्होंने उज्जैन के सिंहस्थ मेले का जिक्र करते हुए कहा कि 2028 में होने वाला सिंहस्थ “दिव्य और भव्य” होगा और श्रद्धालुओं को क्षिप्रा नदी के अपने जल में ही स्नान करने को मिलेगा, इसके लिए गंभीर नदी का जल लेने की आवश्यकता नहीं होगी।
उद्योग एवं ऊर्जा के क्षेत्र में कार्य
सीएम ने बताया कि राज्य में उद्योगपतियों ने ग्वालियर और जबलपुर जैसे शहरों में निवेश में रुचि दिखाई है। ऊर्जा विभाग में उल्लेखनीय कार्य हुआ है और प्रदेश को सबसे सस्ती बिजली मिल रही है। बीहड़ों में सोलर ऊर्जा की परिकल्पना पर काम हो रहा है। इसके अलावा, राज्य को पहला पीएम मित्र पार्क मिला है, साथ ही 55 पीएम एक्सीलेंस कॉलेज और मेडिकल कॉलेजों की एक श्रृंखला स्थापित की गई है। भोपाल की पहचान अब जीआईएस (Global Investors Summit) के केंद्र के रूप में स्थापित हुई है।
सामाजिक कल्याण और कृषि
मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना की राशि ₹1000 से बढ़ाकर ₹1500 करने की घोषणा को महत्वपूर्ण बताया। कृषि क्षेत्र में, उन्होंने कहा कि गेहूं का भाव ₹2600 किया गया है और सोयाबीन पर भावांतर योजना लागू की गई है।
गौ-संरक्षण के क्षेत्र में राशि बढ़ाकर ₹40 प्रति गाय की गई है और दूध उत्पादन को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है।
पर्यटन और अन्य पहल
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हर धार्मिक और पर्यटन स्थल के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की गई है। साइबर तहसील सेवा, चित्रकूट और ओरछा का कायाकल्प किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने ‘नशा मुक्त’ प्रदेश की ओर कदम बढ़ाते हुए 19 स्थानों पर शराब की दुकानें बंद करने की भी जानकारी दी।
डॉ. यादव ने दोहराया कि उनकी सरकार जनता से किए गए हर कमिटमेंट को पूरा करेगी और नक्सल प्रभावित इलाकों में रुके हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा।



