भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ने लगी है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश थमने से कई शहरों में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस का असर भी लगातार बढ़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश में 21 प्रतिशत तक वर्षा की कमी देखी गई है, जिससे खरीफ फसलों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, 21 जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में गर्मी और उमस बढ़ने के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्द अच्छी बारिश नहीं हुई, तो खरीफ फसलों की बुवाई और उत्पादन प्रभावित हो सकता है।



