भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल/शिवपुरी। मध्य प्रदेश ने रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाते हुए एक नया अध्याय शुरू किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को शिवपुरी जिले में 2,500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया। इस परियोजना के शुरू होने के बाद शिवपुरी में आधुनिक मिसाइलों और रक्षा उपकरणों का निर्माण होगा। सरकार का दावा है कि इससे करीब 5,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अडाणी समूह के निदेशक करण अदाणी और जीत अदाणी भी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 211 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया और कई योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किए।
‘शिवपुरी से दुश्मनों तक पहुंचेगी भारत की ताकत’
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चंबल की धरती हमेशा वीरों और देशभक्ति के लिए जानी जाती रही है। उन्होंने कहा कि शिवपुरी से रक्षा उत्पादन का नया दौर शुरू हो रहा है और यहां बनने वाली मिसाइलें भारत की सुरक्षा को नई मजबूती देंगी। उन्होंने इसे मध्य प्रदेश और देश दोनों के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।
5 हजार रोजगार, क्षेत्रीय विकास को मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा और ग्वालियर-शिवपुरी-गुना क्षेत्र औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश बढ़ रहा है और हर क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।
कई विकास परियोजनाओं की घोषणा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिवपुरी जिले के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। इनमें 120 करोड़ रुपये की लागत से 14 किलोमीटर फोरलेन सड़क, मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी यूनिट, खोड़ में नया कॉलेज, सुभाषपुरा नई तहसील, पिछोर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कृषि उपज मंडी, सांदीपनि विद्यालय और 200 बिस्तरों वाले मातृ-शिशु अस्पताल की स्थापना शामिल है।
सिंधिया बोले- राष्ट्र निर्माण का नया अध्याय
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की आधारशिला राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है।
अदाणी समूह का बड़ा निवेश
अडाणी समूह के प्रतिनिधि जीत अदाणी ने कहा कि शिवपुरी में बनने वाला प्लांट मिशन-रेडी मिसाइलों के निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश तेजी से औद्योगिक विकास कर रहा है और समूह का यह निवेश केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य और युवाओं पर विश्वास का प्रतीक है।



