भोपाल। मध्य प्रदेश में फरवरी का महीना इस बार बरसाती तेवर दिखा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी हिस्से में लो प्रेशर एरिया सक्रिय है, वहीं दक्षिणी-पश्चिमी क्षेत्र में दो ट्रफ लाइन भी प्रभावी हैं, जिसके चलते मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
आज बालाघाट, मंडला, अनूपपुर, सिवनी और डिंडौरी जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि राजधानी भोपाल और इंदौर में धूप खिली रहने की संभावना है।
सोमवार को यहां हुई बारिश
सोमवार दोपहर में जबलपुर, सीधी और रीवा में बारिश दर्ज की गई। वहीं रात के समय ग्वालियर, सिंगरौली, सागर, मऊगंज, मुरैना, बड़वानी, धार, खरगोन, दमोह और दतिया समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई।
दिन का पारा गिरा, रात का बढ़ा
लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई। रविवार-सोमवार की रात पचमढ़ी में सबसे कम 11.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मंदसौर में 11.7 डिग्री और राजगढ़ में 12.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, विशेषकर उन जिलों में जहां बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है।



