पीथमपुर (धार)। साइकिल से भारत यात्रा पर निकलीं आशा मालवीय का धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में भव्य स्वागत किया गया। जयपुर (राजस्थान) से यात्रा प्रारंभ कर विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए वह बीती रात पीथमपुर पहुंचीं और यहां से महू के लिए रवाना हुईं।
करीब 74 दिनों में 2500 किलोमीटर का सफर तय कर चुकी आशा मालवीय मध्य प्रदेश के राजगढ़ की निवासी हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि इस अभियान से पहले वह लगभग 60 हजार किलोमीटर की साइकिल यात्राएं कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी यह यात्रा नारी शक्ति, देश भक्ति और अदम्य साहस का संदेश देने के उद्देश्य से निकाली गई है। जयपुर से शुरू हुई यह यात्रा गुजरात होते हुए अरुणाचल प्रदेश तक जाएगी, जिसकी कुल दूरी लगभग 7500 किलोमीटर होगी।
ओलंपिक में कर चुकी हैं भारत का प्रतिनिधित्व
आशा मालवीय ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं। उनके पीथमपुर आगमन पर सेक्टर-1 थाना पुलिस ने प्रोटोकॉल के तहत उन्हें थाना सीमा से विदाई दी और उनके साहस को सलाम किया।
वोट जागरूकता के लिए भी निकाल चुकी हैं यात्रा
उल्लेखनीय है कि आशा मालवीय ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से साइकिल यात्रा निकाली थी। उन्होंने भोपाल से प्रदेश की विभिन्न विधानसभाओं तक साइकिल से पहुंचकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया था।
आशा मालवीय की यह यात्रा महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रभक्ति का संदेश देती हुई आगे बढ़ रही है।



