भोपाल। MP Weather Update:
मध्य प्रदेश के लोगों को कड़ाके की ठंड से फिलहाल कुछ राहत मिली है। बीते कुछ दिनों से जारी भीषण सर्दी के बीच पिछले दो रातों में न्यूनतम तापमान में औसतन 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे रात की ठंड में कमी आई है और लोगों ने राहत की सांस ली है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस समय प्रदेश के ऊपर वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं। इन मौसमी सिस्टमों के कारण कई जिलों में बादल छाए हुए हैं, जिससे रात के तापमान में इजाफा हुआ है। रविवार और सोमवार की रात प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान कटनी जिले का करौंदी रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बड़े शहरों का न्यूनतम तापमान
इंदौर: 8.2°C
भोपाल: 10.6°C
ग्वालियर: 10.8°C
उज्जैन: 10°C
जबलपुर: 13.8°C
आगे फिर बढ़ेगी ठंड
हालांकि मौसम की यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जनवरी के आखिरी सप्ताह में पश्चिमी हिमालय से मौसमी सिस्टम के आगे बढ़ने के बाद एक बार फिर ठंड तेज हो सकती है। प्रदेश में सर्दी का नया दौर शुरू होने की संभावना है, जिससे तापमान फिर गिर सकता है। ऐसे में लोगों को अभी से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, इसलिए ठंड से बचाव के पूरे इंतजाम रखें।



