मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित गुट) की केंद्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक आज गुरुवार को वर्ली स्थित एनएससीआई डोम में आयोजित होगी। बैठक में पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के 28 जनवरी को बारामती में विमान हादसे में निधन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद रिक्त हो गया था। उनके निधन के कुछ दिनों बाद सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद संभाला, लेकिन पार्टी प्रमुख के चयन की औपचारिक घोषणा अब तक लंबित थी।
सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए सुनेत्रा पवार के नाम पर सर्वसम्मति बन चुकी है। महायुति गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ-साथ पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुनील तटकरे समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी उनके नाम का समर्थन किया है।
हालांकि, अध्यक्ष पद के लिए पार्थ पवार के नाम की भी चर्चा थी, लेकिन राज्य और केंद्रीय कार्यकारिणी ने सुनेत्रा पवार के नाम पर सहमति जताई।
सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री बनने से पहले राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया था, जिससे सीट रिक्त हो गई है। पार्टी ने इस सीट से पार्थ पवार को उम्मीदवार बनाने की तैयारी की है। वहीं, सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री पद पर बने रहने के लिए छह माह के भीतर विधानसभा या विधान परिषद की सदस्यता लेनी होगी।
इधर, बारामती विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव की संभावना है। पार्टी इस सीट से सुनेत्रा पवार को उम्मीदवार बनाने और चुनाव निर्विरोध कराने की रणनीति पर काम कर रही है।
आज की बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया को औपचारिक रूप मिलेगा और आगामी उपचुनावों की रणनीति भी स्पष्ट होगी।



