नई दिल्ली। महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि (27 फरवरी) पर देशभर में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट कर कहा कि भारत माता के वीर सपूत चंद्रशेखर आजाद ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया और वे सदैव स्मरणीय रहेंगे।
प्रधानमंत्री ने लिखा कि आजाद का त्याग और बलिदान देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
अल्फ्रेड पार्क में दी थी सर्वोच्च आहुति
27 फरवरी 1931 को इलाहाबाद (अब प्रयागराज) के अल्फ्रेड पार्क में अंग्रेजों से घिरे आजाद ने बहादुरी से मुकाबला किया। जब गोलियां समाप्त होने लगीं तो उन्होंने गिरफ्तारी से बचने के लिए अंतिम गोली स्वयं को मारकर मातृभूमि के लिए बलिदान दे दिया। उनकी स्मृति में हर वर्ष 27 फरवरी को बलिदान दिवस मनाया जाता है।
शिवराज सिंह चौहान और योगी आदित्यनाथ ने भी किया नमन
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मां भारती के अमर सपूत चंद्रशेखर आजाद के चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनके ओजस्वी विचार और तेजस्वी जीवन सदैव राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देते रहेंगे।
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि “दुश्मन की गोलियों का हम सामना करेंगे, आजाद ही रहे हैं, आजाद ही रहेंगे।” उन्होंने कहा कि आजाद का त्याग युगों-युगों तक राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।



