भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल। मध्य प्रदेश में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार में वर्तमान में 31 मंत्री हैं, जबकि मंत्रिमंडल में चार पद अभी भी रिक्त हैं। ऐसे में विस्तार के साथ-साथ बड़े फेरबदल की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार सरकार की हालिया परफॉर्मेंस रिपोर्ट में पांच मंत्रियों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर पाया गया है। समीक्षा रिपोर्ट और विभिन्न विवादों के चलते इन मंत्रियों की स्थिति कमजोर मानी जा रही है। यदि मंत्रिमंडल में फेरबदल होता है तो कुछ मंत्रियों की छुट्टी तय मानी जा रही है, जबकि कुछ के विभाग बदले जा सकते हैं।
इन मंत्रियों पर नजर
कर्नल सोफिया कुरैशी प्रकरण को लेकर मंत्री विजय शाह लगातार विवादों में रहे हैं। मामले में न्यायालयी प्रक्रिया के बाद संगठन स्तर पर निर्णय लिया जा सकता है।
वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार के विभागीय कामकाज को लेकर भी सवाल उठे हैं। वहीं राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी जाति प्रमाण-पत्र मामले को लेकर चर्चा में हैं। इस मामले में हाईकोर्ट ने राज्य स्तरीय जांच समिति से रिपोर्ट मांगी है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्य मंत्री राधा सिंह के विभागीय प्रदर्शन को लेकर भी हालिया समीक्षा में असंतोष जताया गया है। कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना का विभागीय कामकाज संतोषजनक माना गया है, लेकिन रेत खनन और माफिया संबंधी उनके बयान लगातार विवाद का कारण बने हुए हैं।
नए चेहरों की दौड़ तेज
संभावित विस्तार में कई नए चेहरों को मौका मिलने की चर्चा है। सागर से विधायक प्रदीप लारिया को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। राजनीतिक जानकार उन्हें क्षेत्रीय शक्ति संतुलन के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रहे हैं।
इसके अलावा पन्ना से पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह का नाम भी चर्चा में है। सिंधिया समर्थक खेमे से पूर्व स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी की मंत्रिमंडल में वापसी की अटकलें लगाई जा रही हैं।
महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने के उद्देश्य से रीति पाठक और मालिनी गौड़ के नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं कुछ राज्य मंत्रियों को पदोन्नत कर कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।
राजनीतिक सूत्रों का मानना है कि आगामी दिनों में संगठन और सरकार के स्तर पर होने वाली बैठकों के बाद मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की तस्वीर साफ हो सकती है।



